नीमच। पुलिस कन्ट्रोल रूम स्थित सभाकक्ष में 21 अप्रैल 2026 को जिला स्तरीय जन सुनवाई एवं शिकायत निवारण शिविर का आयोजन पुलिस अधीक्षक श्री अंकित जायसवाल की अध्यक्षता में किया गया। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर में सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर भी शामिल रहा।
शिविर के दौरान आवेदकों ने अपनी समस्याएं सीधे एसपी के समक्ष रखीं, जिन पर गंभीरता से सुनवाई करते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। शिविर में सीएम हेल्पलाइन की लेवल-1, 2 एवं 3 की कुल 14 शिकायतों का संतुष्टि पूर्वक निराकरण कर उन्हें बंद कराया गया।
इसके अलावा लगभग 35 फरियादियों ने जनसुनवाई में अपनी समस्याएं प्रस्तुत कीं, जिनमें भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े प्रकरण प्रमुख रहे। एसपी श्री जायसवाल ने सभी प्रकरणों के निष्पक्ष एवं समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।
शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नवल सिंह सिसोदिया, नगर पुलिस अधीक्षक सुश्री किरण चौहान, एसडीओपी जावद एवं मनासा सहित जिले के सभी थाना व चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।