बड़वानी। भारतीय शास्त्रीय संगीत और लोक कला को समर्पित संस्था स्पिक मैके एवं जनजातीय कार्य विभाग, जिला बड़वानी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय कथक नृत्य कार्यशाला का सफल समापन 21 अप्रैल को हुआ। इस कार्यशाला का मार्गदर्शन अंतरराष्ट्रीय कथक नृत्यांगना गौरी देशमुख द्वारा किया गया।
कार्यशाला के समापन उपरांत मुख्य कथक नृत्य समारोह 22 अप्रैल को सायं 7ः30 बजे स्थानीय प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शहीद भीमा नायक महाविद्यालय के सभागृह में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में गौरी देशमुख एवं उनकी शिष्याओं द्वारा कथक की मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। साथ ही समर कैंप में प्रशिक्षण प्राप्त बालिकाएं भी मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल उपस्थित रहेंगे। विशेष अतिथियों में जिला पंचायत अध्यक्ष बलवंत सिंह पटेल, विधायक राजन मण्डलोई, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय यादव तथा नगर पालिका अध्यक्ष अश्विनी निक्कू चौहान शामिल होंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर जयति सिंह एवं पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ल करेंगे। वहीं कक्षा 12वीं की मेरिट छात्रा ओमामां मंसूरी एवं कक्षा 10वीं की छात्रा महक गोले का भी सम्मान किया जाएगा।
आयोजन के मुख्य संरक्षक डॉ. प्रकाश यादव एवं डॉ. राजेन्द्र मालवीय हैं। संरक्षक मंडल में गुरमीत सिंह गांधी, आनंद हल्दीवाल, आयुष पाटीदार एवं सुरेश पटेल शामिल हैं। संस्था के अध्यक्ष जितेन्द्र जैन, उपाध्यक्ष सचिन शर्मा एवं भावेश यादव के नेतृत्व में आयोजन किया जा रहा है। जिला संयोजक अनिल जोशी तथा सचिव सुनीता शुक्ला और रघुवीर सोलंकी कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि इस पूरे आयोजन में जया जोशी का भी विशेष सहयोग रहा है। उन्होंने सभी संगीत प्रेमियों एवं शहरवासियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भारतीय शास्त्रीय कला का आनंद लेने की अपील की है।