गरोठ। जबलपुर के बरगी डैम में हुए क्रूजर हादसे के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। इसी के तहत गरोठ तहसील अंतर्गत गांधीसागर बांध में चल रहे स्टीमरों की जांच की गई, जिसमें गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
जांच के दौरान बालोदा क्षेत्र से 9 तथा बरमा से 4 लाइसेंसी स्टीमरों सहित कुल 13 स्टीमरों का संचालन तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है। निरीक्षण में किसी भी स्टीमर के पास फिटनेस प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं पाया गया।
एसडीएम राहुल चौहान एवं एसडीओपी विजय कुमार यादव ने शुक्रवार को गांधीसागर बांध में स्टीमरों की सुरक्षा व्यवस्था एवं फिटनेस दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान संचालकों द्वारा दस्तावेज उपलब्ध कराने का दावा किया गया, लेकिन मौके पर कोई भी वैध प्रमाण-पत्र प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
एसडीएम चौहान ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जब तक सभी स्टीमरों की फिटनेस एवं सुरक्षा जांच पूर्ण नहीं हो जाती, तब तक किसी भी स्टीमर का संचालन नहीं किया जाएगा। साथ ही सभी स्टीमर संचालकों की बैठक बुलाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि गरोठ तहसील में कुल 13 लाइसेंसी स्टीमर संचालित हो रहे हैं, जबकि शामगढ़ तहसील की जानकारी भी मंगाई गई है। पूरे मामले की जांच के लिए थाना प्रभारी, नायब तहसीलदार एवं जल संसाधन विभाग के एसडीओ की तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है।
प्रशासन ने साफ किया है कि सुरक्षा मानकों पर खरा उतरने वाले स्टीमरों को ही आगे संचालन की अनुमति दी जाएगी। जांच पूरी होने तक सभी स्टीमर किनारे खड़े कर दिए गए हैं।