चित्तौड़गढ़। जिला कांग्रेस कमेटी चित्तौड़गढ़ के अल्पसंख्यक विभाग की नवनियुक्त जिला कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को स्टेशन रोड स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में उत्साह और गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम जिला कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष इम्तियाज हुसैन लोहार के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेशाध्यक्ष एमडी चौपदार रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में पूर्व संसदीय सचिव राजेंद्र बिधूड़ी, पूर्व विधायक प्रकाश चौधरी एवं ललित बोरीवाल उपस्थित रहे।
इस अवसर पर संभाग प्रभारी नजमा मेवाफरोश, प्रभारी शबनम डायर, प्रदेश जनरल सेक्रेटरी रानू अजमल सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। मंच संचालन डॉ. गोपाल सालवी एवं पूर्व एनएसयूआई कार्यकारी जिलाध्यक्ष संजय राव ने किया।
कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा नवनियुक्त जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र एवं पहचान पत्र प्रदान किए गए तथा उन्हें संगठन की जिम्मेदारियों के निर्वहन की शपथ दिलाई गई।
इस दौरान जिलाध्यक्ष इम्तियाज हुसैन लोहार एवं जिला कार्यकारिणी की ओर से प्रदेशाध्यक्ष एमडी चौपदार का मेवाड़ी परंपरा के अनुसार उपरना ओढ़ाकर एवं पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया। साथ ही उन्हें चित्तौड़गढ़ दुर्ग की छवि स्मृति चिह्न के रूप में भेंट की गई। प्रदेश पदाधिकारियों का भी स्वागत किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सर्वधर्म समभाव और आपसी भाईचारे के सिद्धांतों पर विश्वास करती है। अल्पसंख्यक समुदाय सहित समाज के सभी वर्गों के उत्थान, शिक्षा, रोजगार और सम्मान के लिए पार्टी सदैव कार्य करती रहेगी।
काफी समय बाद स्टेशन रोड स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही, जिससे पूरा सभागार खचाखच भर गया और कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रदेश कोऑर्डिनेटर मोहसीन खान, शहर अध्यक्ष नवाब खान, जिला प्रवक्ता फारूक नीलगर, जिला उपाध्यक्ष तनवीर खान सहित अन्य पदाधिकारियों का सहयोग रहा। अंत में जिला संगठन मंत्री रफीक खान ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।