खरगोन। जिले में गर्मी की मूंग फसल पककर तैयार हो चुकी है, लेकिन प्रदेश सरकार ने अब तक इसकी सरकारी खरीदी को लेकर कोई दिशा-निर्देश जारी नहीं किए हैं। इससे किसानों में संशय की स्थिति बनी हुई है।
किसान आत्माराम सेठाना और भावसिंह चौहान ने बताया कि गेहूं खरीदी में व्यस्तता के कारण सरकार मूंग खरीदी पर ध्यान नहीं दे रही है। किसानों को आशंका है कि यदि खरीदी में देरी हुई, तो बारिश के कारण उनकी उपज खराब हो सकती है और उन्हें नुकसान उठाना पड़ सकता है।
अधिकारियों ने कहा गाइडलाइन का इंतजार
इस संबंध में सहायक संचालक कृषि प्रकाश ठाकुर ने बताया कि मूंग खरीदी के संबंध में शासन स्तर से अभी तक कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि खरीदी की गाइडलाइन मिलते ही आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
जिले में 28 हजार हेक्टेयर में फसल
जिले में इस वर्ष 28 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में गर्मी की मूंग फसल लगाई गई है। केंद्र और प्रदेश सरकार दलहन फसलों को बढ़ावा दे रही हैं। किसानों के अनुसार, इस बार फसल की स्थिति काफी अच्छी है और शुरुआती मूंग पककर काली पड़ने लगी है।
किसानों ने बताया कि कीट और बीमारियों का प्रकोप न होने से फसल बेहतर स्थिति में है। उन्हें प्रति एकड़ 12 क्विंटल तक मूंग की उपज मिलने की उम्मीद है।