खरगोन। जनजातीय कार्य विभाग जिला खरगोन में उच्च पद प्रभार प्राप्त लिपिकों और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की पदस्थापना 26 माह बाद भी नहीं होने से नाराजगी बढ़ रही है। मध्यप्रदेश लिपिकवर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ ने इस मामले में सांसद खरगोन-बड़वानी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
संघ के जिलाध्यक्ष पुष्पेन्द्रसिंह पवार ने बताया कि विभाग द्वारा उच्च पद प्रभार के आदेश जारी किए गए, लेकिन अब तक पदस्थापना नहीं हुई। जबकि शिक्षक संवर्ग के कर्मचारियों को पदस्थापना आदेश मिल चुके हैं। कई बार ज्ञापन और आग्रह के बावजूद कार्रवाई न होने से कर्मचारियों में असंतोष है। कुछ कर्मचारी इस दौरान सेवानिवृत्त भी हो चुके हैं।
संघ ने सांसद से हस्तक्षेप कर लंबित पदस्थापना प्रक्रिया जल्द पूरी कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।