मंदसौर। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के उद्देश्य से थाना यातायात द्वारा मंदसौर रेलवे स्टेशन पर ऑटो रिक्शा एवं अन्य वाहनों की आवाजाही के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है।
पूर्व में रेलवे स्टेशन पहुंच मार्ग पर ऑटो रिक्शा के अव्यवस्थित खड़े रहने और वैकल्पिक पार्किंग की कमी के कारण जाम जैसी स्थिति बन रही थी। इसे ध्यान में रखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सहयोग से स्टेशन परिसर में 15 से 20 ऑटो रिक्शा के लिए पार्किंग स्थान निर्धारित किया गया है।
नई व्यवस्था के तहत स्टेशन पहुंच मार्ग पर सवारी ट्रेनों के आवागमन के समय प्रातः 7 से 11 बजे और शाम 4 से रात 8 बजे तक ऑटो रिक्शा खड़े करने पर प्रतिबंध रहेगा। इन समयों में सभी ऑटो चालक स्टेशन परिसर में चिन्हित स्थान पर लाइन से वाहन खड़े करेंगे।
पुलिस अधीक्षक, मंदसौर के निर्देश पर इस व्यवस्था के पालन के लिए उक्त समयावधि में यातायात पुलिस स्टाफ की ड्यूटी भी लगाई गई है, ताकि यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सके।