मनासा (बरडिया कैंट)। ग्राम भारती मनासा द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिर, बरलाई में गुरु पूर्णिमा पर्व श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती, प्रणवाक्षर ॐ एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत मनासा के उपाध्यक्ष मोहनलाल गुर्जर थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में गायत्री शक्तिपीठ भदवा के गोपाल गुर्जर एवं लालानाथ बारोड उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत शिशु भारती के अध्यक्ष महेंद्र सिंह मीणा ने किया।
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मोहनलाल गुर्जर ने उन विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया, जिन्होंने कोरोना काल में अपने माता-पिता में से किसी एक को खोया है। उन्होंने कहा कि इन बच्चों का संघर्ष, साहस और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण प्रेरणादायी है। उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि कोई भी बच्चा केवल परिस्थितियों के कारण शिक्षा से वंचित न रहे। उनकी शिक्षा, उज्ज्वल भविष्य एवं आत्मविश्वास के लिए समाज को सदैव सहयोग के लिए आगे आना चाहिए।
इस अवसर पर गुर्जर ने विद्यालय के भैया-बहनों को स्कूल बैग वितरित किए तथा मानव सेवा के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने की कामना व्यक्त करते हुए कहा कि गुरु कृपा से हमें सद्बुद्धि, विवेक, करुणा और सेवा का भाव प्राप्त हो, ताकि हम प्रत्येक जरूरतमंद के जीवन में आशा की नई किरण बन सकें।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर विद्यालय के आचार्य परिवार की सदस्य सुनीता पाटीदार, हीना बैरागी एवं रानू गुर्जर का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम के अंत में संस्था प्रधान हीरालाल रावत ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।