नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने मंगलवार को जनजाति बाहुल्य ग्राम टामोटी में रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनका मौके पर ही समाधान किया। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ गांव में ही रात्रि विश्राम किया।
मध्यरात्रि औचक निरीक्षण-
रात्रि के समय कलेक्टर चंद्रा ने आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित छात्रावास का औचक निरीक्षण किया और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
रसोईघर का अवलोकन-
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने छात्रावास की रसोई की जांच की। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई एवं स्टॉक रजिस्टर का अवलोकन कर विद्यार्थियों को समय पर गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश जिला संयोजक राकेश राठौर को दिए।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी दिनचर्या, पढ़ाई, खेलकूद, परिवार से संपर्क और सुरक्षा संबंधी जानकारी भी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि छात्रावास में पेयजल, बिजली, शौचालय एवं अध्ययन सामग्री की व्यवस्था नियमित और सुचारू रूप से बनी रहे तथा किसी भी कमी को तुरंत दूर किया जाए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।