उज्जैन। कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने मंगलवार को निर्माणाधीन संयुक्त प्रशासनिक भवन और गीता भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के दौरान अधिक से अधिक पेड़ों को संरक्षित रखा जाए तथा कार्य पूर्ण होने के बाद परिसर में नीम, पीपल जैसे बड़े पौधे लगाए जाएं।
कलेक्टर ने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए एजेंसी को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु से पहले भूतल स्तर का निर्माण कार्य पूरा किया जाए, ताकि जलभराव की समस्या न हो।
माधव नगर स्थित पुलिस कंट्रोल रूम के सामने बन रहा संयुक्त प्रशासनिक भवन प्रदेश का पहला ऐसा बहुमंजिला भवन होगा, जिसमें कलेक्टर, एसपी सहित विभिन्न विभागों के कार्यालय एक ही परिसर में संचालित होंगे। लगभग 4500 वर्गमीटर क्षेत्र में बनने वाले इस भवन में मल्टीलेवल पार्किंग, बैठक कक्ष, वीसी रूम, केंटीन, लिफ्ट एवं अग्निशमन की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसका निर्माण सितंबर 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, विशेषकर लोहे के सरिए की जांच की और गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी न रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद कलेक्टर ने देवास रोड स्थित शासकीय माधव विज्ञान महाविद्यालय के समीप निर्माणाधीन गीता भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सभागार, पार्किंग और मुख्य द्वार के निर्माण कार्य का जायजा लेते हुए कार्य में तेजी लाने के लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
साइट पर विभागीय इंजीनियर की अनुपस्थिति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और चेतावनी दी कि समय-सीमा में कार्य पूर्ण नहीं होने पर संबंधित एजेंसी पर पेनल्टी लगाई जाएगी।
उल्लेखनीय है कि गीता भवन का निर्माण लगभग 5.11 एकड़ क्षेत्र में जी$2 संरचना के रूप में किया जा रहा है, जो अध्ययन, चिंतन और सांस्कृतिक संवाद का आधुनिक केंद्र बनेगा।