प्रतापगढ़। राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने बुधवार को प्रतापगढ़ स्थित अपने निवास पर जनसुनवाई का आयोजन किया।
जिला मीडिया प्रभारी गोपाल धाभाई ने बताया कि जनसुनवाई में मुख्य रूप से राजस्व, पेयजल, बिजली, सड़क और स्थानीय प्रशासन से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। मंत्री मीणा ने प्रत्येक परिवादी से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उनकी बात सुनी।
उन्होंने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को टेलीफोन और लिखित माध्यम से आवश्यक निर्देश दिए। मंत्री ने विशेष रूप से बुजुर्गों और दिव्यांगों की समस्याओं को प्राथमिकता दी।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि समस्याओं का केवल निस्तारण न हो, बल्कि समाधान त्वरित और गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। मंत्री मीणा ने स्पष्ट किया कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।