खरगोन। प्रदेश के सहकारिता एवं जिले के प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग सोमवार को जिले के दौरे पर पहुंचे। सुबह करीब 11 बजे उनका आगमन सर्किट हाउस में हुआ, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान मंत्री ने भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठक भी की।
मीडिया से चर्चा करते हुए मंत्री विश्वास सारंग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन बचाने और सोने की खरीद कम करने के आह्वान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि एशियाई देशों में चल रहे युद्ध का असर पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है। ऐसे समय में देश की आर्थिक स्थिति मजबूत बनाए रखने के लिए हर नागरिक को सहयोग करना होगा।
उन्होंने कहा कि ईंधन और सोना दोनों आयातित वस्तुएं हैं। यदि इनके उपयोग और खरीद में कमी लाई जाएगी तो देश का खर्च कम होगा और राष्ट्रीय धन की बचत होगी।
मंत्री के आगमन के दौरान फल ठेला व्यवसायी भी सर्किट हाउस पहुंचे और सड़क किनारे लगाए जा रहे ठेलों को हटाने की कार्रवाई का विरोध जताया। इस पर मंत्री ने उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं और आश्वासन दिया कि किसी भी छोटे व्यवसायी को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने जिला कलेक्टर को निर्देश दिए कि फल विक्रेताओं के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उनका रोजगार प्रभावित न हो।