नीमच। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में भोपाल में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में नीमच जिले को बड़ी विकासात्मक सौगात मिली है। राज्य सरकार ने बहुप्रतीक्षित खुमानसिंह शिवाजी जलाशय (ठीकरिया तालाब) सूक्ष्म सिंचाई परियोजना के लिए 163.95 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इस परियोजना से जिले के किसानों, ग्रामीण क्षेत्रों और औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
परियोजना के तहत डेम की ऊंचाई में एक मीटर की वृद्धि की जाएगी, जिससे जल भंडारण क्षमता बढ़ेगी। इसके माध्यम से नीमच तहसील के मेलकी मेवाड़, पालसोडा, बामनिया, पिपलिया व्यास, केनपुरिया, सकरानी, मालिया, रातड़िया, डांसिया, अडमालिया, रामपुरिया, डसानी, बिसलवास बामनिया, कानाखेड़ा, बिसलवास सोनीगरा, बोरखेड़ी पानेड़ी, रेवली देवली सहित करीब 22 गांवों की लगभग 5200 हेक्टेयर कृषि भूमि को स्थायी सिंचाई सुविधा मिल सकेगी।
पाइपलाइन आधारित प्रेशराइज्ड सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली से खेतों तक सीधे पानी पहुंचाया जाएगा, जिससे पानी की बर्बादी रुकेगी और कम लागत में उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी। यह परियोजना चंबल नदी के जल का उपयोग कर क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार करेगी तथा जल संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देगी।
परियोजना में पहली प्राथमिकता पेयजल, दूसरी सिंचाई और तीसरी औद्योगिक उपयोग को दी गई है। इससे झांझरवाड़ा और कराड़िया महाराज क्षेत्र में स्थापित हो रहे उद्योगों को भी राहत मिलेगी।
विधायक दिलीपसिंह परिहार ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट एवं मंत्रिपरिषद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी तथा चंबल के पानी का बेहतर उपयोग कर क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाया जाएगा।