देवास। जिले की सतवास तहसील में उस समय हड़कंप मच गया जब वन विभाग की टीम ने एक अनाज व्यापारी के गोडाउन और घर पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में अवैध वन उपज बरामद की। जांच के दौरान गेहूं में छिपाकर रखी गई सामग्री में करीब 8 क्विंटल धावड़े का गोंद, 70 से 80 क्विंटल अचार की गुठली और भारी मात्रा में महुआ के फूल पाए गए।
पूछताछ में व्यापारी किसी भी प्रकार के वैध लाइसेंस या संग्रहण संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। वन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गोडाउन को सील कर दिया है और दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए समय दिया गया है।
वन विभाग कन्नौद के एसडीओ के अनुसार देवास डिवीजन में धावड़े का गोंद प्रतिबंधित श्रेणी में आता है, जिसका संग्रहण केवल जैविक समिति के माध्यम से ही किया जा सकता है। साथ ही लाइसेंसधारी व्यापारियों को ही इसकी खरीद-बिक्री की अनुमति होती है और संबंधित रसीद अनिवार्य होती है। फिलहाल मामले में वन विभाग की कार्रवाई जारी है।