देवास। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नई आबादी में घर के बाहर खड़ी बाइक में आग लगाने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर मौका-मुआयना भी कराया।
पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पूर्व नई आबादी क्षेत्र में तीन लोगों ने घर के सामने खड़ी बाइक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। थाना प्रभारी श्याम चंद्र शर्मा ने बताया कि फरियादी रवि सेमिया का कचरा डालने की बात को लेकर आरोपियों से विवाद हुआ था।
विवाद के बाद आरोपियों ने देर रात फरियादी के घर के बाहर खड़ी आई-स्मार्ट बाइक, एक चाइनीज ठेला और घर के गेट पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे फरियादी को भारी नुकसान हुआ।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर घटना का पुनर्निर्माण भी कराया।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है तथा मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।