इंदौर। गर्मी बढ़ने के साथ इंदौर में पानी का संकट गहराने लगा है। मंगलवार को विकास नगर इलाके में पानी की समस्या से परेशान रहवासियों ने सड़क पर चक्काजाम किया और विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने खाली मटके फोड़े और नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की।
पार्षद के साथ सड़क पर उतरे रहवासी
विकास नगर स्थित पानी की टंकी के पास पार्षद सोनिला मिमरोट के साथ रहवासी सड़क पर बैठ गए। सभी ने हाथों में खाली मटके लेकर प्रदर्शन किया और महापौर पुष्यमित्र भार्गव व नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की।
पानी नहीं मिलने का आरोप
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। पार्षद ने आरोप लगाया कि कई महीनों से लगातार शिकायत के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया।
बताया जा रहा है कि इंटरकनेक्शन के जरिए पानी नेहरू नगर की ओर डायवर्ट किया जा रहा है, जिससे कई इलाकों में पानी का प्रेशर कम हो गया है और दूषित पानी की आपूर्ति की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
नगर निगम पर कार्रवाई की मांग
प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। स्थिति को देखते हुए इलाके में तनाव का माहौल बना रहा।