नीमच। योग एवं प्राणायाम के लिए समर्पित संस्था सुप्रभात मित्र मंडल, गांधी वाटिका नीमच में गुरु पूर्णिमा पर्व श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रतिदिन योग साधना कराने वाले योग गुरुओं एवं संस्था के सक्रिय कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया।
संस्था के मीडिया प्रमुख दिलीप छाजेड़ ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ नियमित योग एवं प्राणायाम सत्र के पश्चात हुआ। संस्था के संरक्षक एडवोकेट तेजपाल जैन के नेतृत्व में योग गुरु शिव माहेश्वरी, नंदू सर्राफ, दिलीप चौधरी, डॉ. माधुरी चौरसिया, अनिल सिंघल एवं मीना मित्तल का शॉल एवं सम्मान चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया। सम्मान समारोह में संस्था के अध्यक्ष टोनी वधवा, उपाध्यक्ष रमेश जायसवाल, कोषाध्यक्ष विनोद शर्मा, वरिष्ठ सदस्य अनिल चौरसिया, डॉ. राजेंद्र जायसवाल, हरीश दुआ, अरुण गोयल, जमनालाल जैन एवं गोविंद पोरवाल उपस्थित रहे। इस अवसर पर संस्था के सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ता बिल्लू भाई को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एडवोकेट तेजपाल जैन ने कहा कि गुरु अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाता है और शिष्य उसी प्रकाश को ग्रहण कर जीवन में प्रगति के पथ पर अग्रसर होता है। डॉ. अशोक जैन ने कहा कि गुरु का ज्ञान और आशीर्वाद ही मनुष्य को सफलता एवं श्रेष्ठ संस्कारों के मार्ग पर आगे बढ़ाता है।
योग गुरु दिलीप चौधरी ने कहा कि गुरु के बिना जीवन अधूरा है, वहीं योग गुरु शिव माहेश्वरी ने कहा कि गुरु का महत्व उसके शिष्यों से ही है। डॉ. माधुरी चौरसिया ने भगवान शिव को संसार का प्रथम योग गुरु बताते हुए कहा कि उन्होंने ही विश्व को योग का ज्ञान प्रदान किया, जो मन, शरीर और आत्मा को स्वस्थ एवं संतुलित रखता है। मीना मित्तल ने कहा कि गुरु का स्थान अत्यंत पूजनीय है और उनका सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष योग साधकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन नवल मित्तल ने किया तथा आभार प्रदर्शन संस्था के सचिव राकेश पाटीदार ने व्यक्त किया।