उज्जैन। संभागायुक्त एवं सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह की अध्यक्षता में सिंहस्थ 2028 के निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर रोशन कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए सभी विभाग अपने कार्यों की प्राथमिकता तय करें और जिन स्थानों पर कार्य धीमा है, वहां अतिरिक्त टीमें लगाकर गति बढ़ाई जाए।
बारिश से पहले कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य-
उन्होंने कहा कि यह समय अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए श्रावण माह से पहले महाकाल मंदिर क्षेत्र सहित सभी प्रमुख निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाए। बैठक में कंठाल चौराहा से सतीगेट, टंकी चौक से ढाबारोड़ और अन्य मार्गों के चौड़ीकरण कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही नाली निर्माण, पेयजल लाइन शिफ्टिंग एवं पोल हटाने के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
तीन टीमें लगाकर कार्य गति बढ़ाने के निर्देश-
संभागायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवश्यक स्थानों पर तीन अलग-अलग टीमें लगाकर निर्माण कार्यों को तेज किया जाए और समय पर लक्ष्य पूरा किया जाए। निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, बेरिकेडिंग लगाने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश भी दिए गए।