खरगोन। मध्यप्रदेश स्टेट बार काउंसिल के चुनाव के तहत जिला मुख्यालय पर भी मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई। शहर बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने न्यायालय परिसर में बनाए गए बूथ पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए चतुर्थ अपर सत्र न्यायाधीश मुकेश नाथ को निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया।
शहर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पवन बिल्लौरे ने बताया कि यह चुनाव अधिवक्ताओं के हितों और अधिकारों का प्रतिनिधित्व करने वाले संगठन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसी संगठन के माध्यम से प्रदेश स्तर पर अधिवक्ताओं की समस्याओं और मांगों को उठाया जाता है।
बार एसोसिएशन सचिव रविंद्र यादव ने जानकारी दी कि निर्वाचन प्रक्रिया न्यायाधीश के नेतृत्व में पूरी पारदर्शिता के साथ कराई गई। मतदान और मतदाता पहचान की पूरी प्रक्रिया न्यायालयीन कर्मचारियों द्वारा संपन्न कराई गई।
इस चुनाव में शहर के कुल 387 अधिवक्ताओं को मतदान का अधिकार प्राप्त था। परिणामों के बाद तय होगा कि प्रदेश स्तर पर अधिवक्ताओं का नेतृत्व कौन करेगा।