नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जिला परिवहन अधिकारी नंदलाल गामड़ एवं उनकी टीम ने मंगलवार को जिले के शासकीय वेयर हाउसों में गेहूं परिवहन करने वाले वाहनों की सघन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान नीमच तहसील के नर्मदा वेयर हाउस, महेश्वरी वेयर हाउस, शासकीय वेयर हाउस डुंगलावदा, शासकीय वेयर हाउस नीमच तथा मनासा तहसील के हरिहर वेयर हाउस एवं आदिनाथ वेयर हाउस में कुल 25 से 30 वाहनों और उनके दस्तावेजों की जांच की गई।
कार्रवाई के दौरान 3 ट्रक बिना फिटनेस और 1 ट्रक बिना परमिट के पाए गए। नियमों के उल्लंघन पर संबंधित वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 25 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।
जिला परिवहन अधिकारी गामड़ ने वेयर हाउस संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे परिसर में आने वाले वाहनों के दस्तावेजों की नियमित जांच करें तथा बिना वैध दस्तावेज वाले वाहन मिलने पर तत्काल परिवहन विभाग को सूचना दें।
उन्होंने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा और आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।