नीमच। नगरपालिका परिषद नीमच द्वारा शहर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए वार्ड क्रमांक-6 में 17.39 लाख रुपए की लागत से बनने वाली दो आरसीसी नाली निर्माण कार्यों का भूमि पूजन बुधवार को पीपली चौक, नीमच सिटी में संपन्न हुआ।
भूमि पूजन कार्यक्रम में विधायक दिलीप सिंह परिहार, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, उपाध्यक्ष रंजना करण परमार, मंडल अध्यक्ष दारा सिंह यादव एवं पार्षदगण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ गति दी जा रही है। बेहतर जल निकासी व्यवस्था से बारिश के दौरान क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी तथा नागरिक सुविधाएं और मजबूत होंगी।
भूमि पूजन के तहत यादव मंडी क्षेत्र में 8.68 लाख रुपए की लागत से बनने वाली आरसीसी नाली तथा सेंट्रल बैंक से ग्वाल मोहल्ला पीपली चौक तक 8.71 लाख रुपए की लागत से बनने वाली दूसरी आरसीसी नाली निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। संचालन योगेश जैन ने किया, जबकि आभार राकेश किलोरिया ने व्यक्त किया।