रतलाम। 21 मप्र बटालियन एनसीसी रतलाम द्वारा वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 11 मई से 20 मई तक शासकीय एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, सैलाना में किया जा रहा है। शिविर में कमान अधिकारी कर्नल राघवेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन एवं प्रशासनिक अधिकारी कर्नल संदीप अहलावत के निर्देशन में कैडेट्स को विभिन्न सैन्य विषयों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रतिदिन प्रातः आयोजित प्रशिक्षण सत्रों में शस्त्र प्रशिक्षण, फायरिंग, नेविगेशन, टेंट पिचिंग, कवायद एवं मैप रीडिंग जैसे विषयों का अभ्यास कराया जा रहा है। इसके साथ ही कैडेट्स को विभिन्न प्रेरक एवं जागरूकता विषयों पर व्याख्यान भी दिए जा रहे हैं।
इसी क्रम में डिप्टी कैंप कमांडेंट कर्नल संदीप अहलावत ने कैडेट्स को व्यक्तित्व विकास, इंटरव्यू कौशल एवं बॉडी लैंग्वेज विषय पर विशेष व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि सकारात्मक विचार, व्यवहार, आत्मविश्वास और अनुशासन ही व्यक्तित्व विकास की आधारशिला हैं। एक अच्छा व्यक्तित्व व्यक्ति को भीड़ से अलग पहचान दिलाता है और सफलता के मार्ग प्रशस्त करता है।
कर्नल अहलावत ने बॉडी लैंग्वेज के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि व्यक्ति के बैठने, चलने, हाथ मिलाने, चेहरे के भाव और आंखों के संपर्क से सामने वाला उसकी छवि बनाता है। उन्होंने कैडेट्स को आत्मविश्वास के साथ चलने, सामने देखकर बात करने, चेहरे पर हल्की मुस्कान बनाए रखने तथा सकारात्मक व्यवहार अपनाने की सीख दी।
शिविर में कांस्टेबल मनीष कुमार ओझा द्वारा बाल अपराध विषय पर भी जागरूकता व्याख्यान दिया गया। उन्होंने बताया कि परिवार में मार्गदर्शन की कमी, गलत संगति, मोबाइल और इंटरनेट का दुरुपयोग, नशे की प्रवृत्ति तथा सोशल मीडिया का नकारात्मक प्रभाव बाल अपराध के प्रमुख कारण हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को सही शिक्षा, संस्कार और सकारात्मक वातावरण देकर जिम्मेदार नागरिक बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर मेजर गोपाल भूरिया, लेफ्टिनेंट विजेंद्र सोलंकी, सीओ विजय सिंह पुरावत, एफओ जाकिर खान, एफओ रेमसिंह डामोर, एसओ रीता माहेश्वरी, एसओ हरीश कुमार परिहार, एसओ कंवलजीत सिंह गंभीर, एसओ गौरव चौहान सहित पीआई स्टाफ एवं कार्यालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे।