रतलाम। जिले में किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा विस्फोटक अधिनियम के तहत निरीक्षण अभियान चलाया गया।
एसडीएम रतलाम ग्रामीण विवेक सोनकर ने नामली क्षेत्र में पटाखा व्यापारियों एवं दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा मानकों, भंडारण व्यवस्था तथा आवश्यक अनुमति संबंधी दस्तावेजों की जांच की गई। व्यापारियों को सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान एसडीओपी किशोर पाटनवाला एवं तहसीलदार आशीष उपाध्याय भी उपस्थित रहे। टीम द्वारा ग्राम घटवास, नामली में मैगज़ीन एवं डेटोनेटर भंडारण स्थलों की संयुक्त जांच भी की गई।
इसी क्रम में एसडीएम सैलाना तरुण जैन ने रावटी क्षेत्र में एसडीओपी के साथ मैगज़ीन एवं डेटोनेटर भंडारण केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।