भोपाल। प्रदेश में बीएड और एमएड के लिए आवेदन जमा कराने की कार्यवाही के बीच शासकीय शिक्षक संगठन मध्यप्रदेश ने एमएड पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए अधिकतम आयु सीमा 50 वर्ष से बढ़ाकर 55 वर्ष किए जाने की मांग की है। इसको लेकर संगठन ने राज्य शिक्षा केन्द्र भोपाल को ज्ञापन सौंपकर शासकीय शिक्षक प्रशिक्षण संस्थाओं में संचालित एमएड पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए यह व्यवस्था तय करने की मांग की है।
बीएड में बढ़ चुकी है आयु सीमा
संगठन के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उपेन्द्र कौशल ने बताया कि वर्तमान में एमएड पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए अधिकतम आयु सीमा 50 वर्ष निर्धारित है, जबकि पूर्व में बीएड पाठ्यक्रम के लिए आयु सीमा 55 वर्ष तक बढ़ाई जा चुकी है। प्रदेश के अनेक शिक्षक एवं शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारी, जो शैक्षणिक योग्यता एवं अनुभव रखते हैं, केवल आयु सीमा के कारण एमएड पाठ्यक्रम में प्रवेश से वंचित रह जाते हैं।
संगठन ने मांग की है कि बीएड की भांति एमएड पाठ्यक्रम में भी प्रवेश के लिए अधिकतम आयु सीमा 55 वर्ष तय की जाए, ताकि अधिक से अधिक इच्छुक शिक्षक एवं कर्मचारी प्रशिक्षण प्राप्त कर अपनी शैक्षणिक एवं व्यावसायिक योग्यता में वृद्धि कर सकें। इससे विभाग को भी प्रशिक्षित एवं अनुभवी मानव संसाधन उपलब्ध हो सकेगा।
शासकीय शिक्षक संगठन ने राज्य शिक्षा केन्द्र से शिक्षक हित एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर शीघ्र कार्यवाही करने का आग्रह किया है।