चित्तौड़गढ़। ऑपरेशन सुदर्शन चक्र-2 के तहत राशमी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 12 एवं 15 वर्ष पुराने लड़ाई-झगड़े के मामलों में फरार चल रहे दो स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज उदयपुर गौरव श्रीवास्तव के निर्देशन में रेंज स्तर पर स्थायी वारंटियों, भगोड़ों एवं फरार आरोपियों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन सुदर्शन चक्र-2 के तहत यह कार्रवाई की गई।
एएसपी मुकुल शर्मा एवं डीएसपी गंगरार शिवप्रकाश टेलर के निर्देशन में थानाधिकारी राशमी रतन सिंह मय टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए वर्ष 2011 के मारपीट एवं चोरी के प्रकरण तथा वर्ष 2014 के मारपीट के प्रकरण में फरार दो स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार तकनीकी साक्ष्य एवं सूचना के आधार पर लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों की तलाश की जा रही थी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 30 वर्षीय नानालाल पिता उंकार बागरिया एवं 35 वर्षीय शंकरलाल पिता उंकार बागरिया, निवासी गुरजनिया (राशमी थाना क्षेत्र) के रूप में हुई है। पुलिस टीम में कानि. गोपीराम, रामचन्द्र, अनिल कुमार एवं संजय कुमार शामिल रहे।