नीमच। लायंस पार्क चौराहे स्थित प्रसिद्ध रतन स्वीट्स पर शुक्रवार रात हुई संयुक्त प्रशासनिक कार्रवाई के बाद शनिवार को प्रशासन ने एक बार फिर गोदाम की जांच की। जांच में कोई अमानक या एक्सपायरी खाद्य सामग्री नहीं मिलने पर गोदाम की सील खोलकर संचालक को सुपुर्द कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात जिला प्रशासन ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के साथ संयुक्त छापामार कार्रवाई करते हुए रतन स्वीट्स से करीब 73 प्रकार की एक्सपायरी एवं अमानक खाद्य सामग्री जब्त की थी। इसके बाद दुकान एवं गोदाम दोनों को सील कर दिया गया था। प्रारंभिक जांच में भी गोदाम से कोई अतिरिक्त अमानक सामग्री नहीं मिली थी।
शनिवार देर शाम एसडीएम संजीव साहू के निर्देश पर नायब तहसीलदार संजय मालवीय, मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया तथा खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारी राजू सोलंकी एवं यशवंत शर्मा मौके पर पहुंचे। टीम ने बांग्ला नंबर-40, गुरुद्वारे के पीछे स्थित वार्ड क्रमांक-34 के गोदाम की संचालक की मौजूदगी में पंचनामा बनाकर दोबारा जांच की।
जांच के दौरान गोदाम में कोई एक्सपायरी या अमानक खाद्य सामग्री नहीं पाई गई, जिसके बाद गोदाम की सील खोलकर उसे संचालक को सुपुर्द कर दिया गया।
वहीं खाद्य अधिकारी राजू सोलंकी ने बताया कि रतन स्वीट्स की दुकान से एक्सपायरी खाद्य पदार्थ मिलने के मामले में जब्त सामग्री के आधार पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा दुकान का लाइसेंस आगामी आदेश तक निलंबित कर दिया गया है।