नीमच। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी यातायात सोनू बड़गुर्जर के नेतृत्व में टीम ने 15 एवं 16 मई 2026 को बस स्टैंड क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान ट्रेवल्स बस क्रमांक एमपी 13 जेडई 25630 को रोका गया, जिसमें यात्री बस की छत पर भारी मात्रा में लगेज भरा हुआ पाया गया। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर बस को जप्त कर आवश्यक कार्रवाई की गई।
इसके साथ ही शहर में चल रहे चार पहिया वाहनों पर लगी ब्लैक फिल्म हटवाकर चालानी कार्रवाई की गई। वहीं नाबालिग वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उनके परिजनों को थाने बुलाकर समझाइश दी गई कि भविष्य में नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने दें।
अभियान के दौरान कुल 109 चालान बनाए गए तथा 57,000 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर काली फिल्म न लगाएं, बसों में अवैध लगेज का परिवहन न करें तथा सभी दस्तावेज पूर्ण रखें और यातायात नियमों का पालन करें।