छतरपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ईंधन बचाने की अपील का असर अब छतरपुर में भी देखने को मिल रहा है। छतरपुर रेंज के डीआईजी विजय कुमार खत्री शनिवार को अपने सरकारी बंगले से साइकिल चलाकर ऑफिस पहुँचे। उन्होंने साइकिल से सफर कर लोगों को पेट्रोल-डीजल बचाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
डीआईजी विजय कुमार खत्री को शहर की सड़कों पर साइकिल चलाते देख लोग हैरान रह गए। कई लोगों ने उनके इस कदम की सराहना की। डीआईजी का कहना है कि ईंधन की बचत आज समय की बड़ी जरूरत है और हर नागरिक को इसके प्रति जागरूक होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि छोटी दूरी के लिए वाहन की बजाय साइकिल का उपयोग किया जाए तो इससे न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि पर्यावरण भी सुरक्षित रहेगा और स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा। डीआईजी के इस अनोखे प्रयास की शहरभर में चर्चा हो रही है।