रतलाम। त्रिवेंद्रम से दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन जा रही Rajdhani Express में रविवार सुबह करीब 5:15 बजे रतलाम जिले के आलोट के पास लूणी रीछा–विक्रमगढ़ स्टेशन के बीच अचानक भीषण आग लग गई।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन सुबह करीब 3:45 बजे रतलाम जंक्शन से रवाना हुई थी। आग लगने के समय एसी कोच (बी-1) में लगभग 68 यात्री सवार थे। आग लगते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन रेलवे स्टाफ की तत्परता से करीब 15 मिनट के भीतर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
इसके बाद आग ने पीछे जुड़े सेकंड लगेज कम गार्ड वैन को भी अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि इस पूरे हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। घटना के बाद दिल्ली–मुंबई रेल मार्ग पर यातायात रोक दिया गया और बिजली कनेक्शन काटकर दोनों प्रभावित कोच अलग किए गए।
इसी बीच राहत कार्य के लिए जा रही रेलवे की C&W (कैरेज एंड वैगन) विभाग की एक यातायात वैन शामगढ़–सुवासरा के बीच अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे में 5 से अधिक कर्मचारी घायल हो गए, जिन्हें एंबुलेंस से कोटा रेफर किया गया है।
घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने नागदा, उज्जैन और रतलाम रेलवे स्टेशनों पर हेल्प डेस्क स्थापित किए हैं ताकि यात्रियों और परिजनों को जानकारी मिल सके। साथ ही प्रभावित रूट पर सिंगल लाइन व्यवस्था के तहत ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से बहाल किया गया है।
रेलवे की टीमें मौके पर राहत एवं मरम्मत कार्य में जुटी हुई हैं और हादसे के कारणों की जांच जारी है।