झाबुआ। पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने कानून व्यवस्था और यातायात सुरक्षा को मजबूत करने के लिए 8-लेन दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने शनिवार रात टिमरवानी टोल नाके पर स्टाफ से चर्चा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
यह निरीक्षण एक्सप्रेस-वे पर अवैध डोडा चूरा की तस्करी और अन्य संदिग्ध गतिविधियों की लगातार मिल रही सूचनाओं के मद्देनजर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
एसपी पाटीदार ने थांदला पुलिस को 8-लेन हाईवे पर चौबीसों घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य यातायात को सुचारु बनाए रखना और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाना है।
उन्होंने विशेष रूप से एक्सप्रेस-वे के माध्यम से होने वाली किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों और तस्करी को पूरी तरह खत्म करने का आदेश दिया। इसके लिए संदिग्ध वाहनों की नियमित और सख्त चेकिंग तथा आपराधिक तत्वों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
एक्सप्रेस-वे के अलावा, पुलिस अधीक्षक ने चौकी मदरानी, रम्भापुर और परवलिया का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने इन चौकियों के स्टाफ से मुलाकात कर क्षेत्र की कानून व्यवस्था और लंबित मामलों की प्रगति रिपोर्ट ली।
एसपी पाटीदार ने मैदानी अमले को मुस्तैद रहने और सुरक्षा इंतजामों को और अधिक पुख्ता करने के निर्देश दिए। झाबुआ जिले में शांति, सुगम यातायात और अपराधियों में भय बनाए रखने के लिए ऐसे निरीक्षण लगातार किए जा रहे हैं।