सोनकच्छ। चौबारा-धीरा रोड पर ग्राम बैराखेड़ी के पास स्थित 90 डिग्री के खतरनाक अंधे मोड़ पर देर रात करीब 12 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। प्याज से भरी आयशर गाड़ी अनियंत्रित होकर मोड़ पर पलट गई, जिससे उसमें सवार 5 मजदूर प्याज की बोरियों के नीचे दब गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन तेज रफ्तार में था और अंधे मोड़ पर चालक नियंत्रण खो बैठा। हादसे के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया, जबकि मजदूर बोरियों के नीचे दबे तड़पते रहे। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही डायल 112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ग्राम बैराखेड़ी के ग्रामीणों ने भी तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू किया और जेसीबी की मदद से बोरियां हटाकर मजदूरों को बाहर निकाला। कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को सिविल अस्पताल सोनकच्छ पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान 3 मजदूरों की मौत हो गई। वहीं 2 गंभीर घायलों को इंदौर रेफर किया गया है
ग्रामीणों का कहना है कि बैराखेड़ी के पास बना यह अंधा मोड़ लंबे समय से हादसों का कारण बना हुआ है। यहां पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक न तो चेतावनी संकेत लगाए गए हैं और न ही स्पीड ब्रेकर या सुरक्षा रेलिंग बनाई गई है।
लगातार हो रहे हादसों को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उन्होंने प्रशासन से जल्द चेतावनी बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टर और मजबूत सुरक्षा रेलिंग लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।