मंदसौर। थाना शहर कोतवाली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ एमडी के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस प्रकरण में अब तक कुल 06 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 07 मई 2026 को कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी इमरान पिता मीरगुल उर्फ बंटी पठान निवासी दावतखेड़ी, मंदसौर के कब्जे से 500 ग्राम एमडी एवं 500 ग्राम अफीम जप्त की थी। इसके बाद आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18, 22 एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच में लिया गया था।
पुलिस द्वारा आरोपी इमरान से प्रारंभिक पूछताछ के बाद अन्य आरोपियों के नाम सामने आए थे। इस आधार पर पुलिस ने पूर्व में महावीर सिंह चौहान, सादिक, सलमान तथा शाकिर उर्फ चेला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।
अब इसी प्रकरण में आगे कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी असलम हुसैन पिता अख्तर हुसैन उम्र 43 वर्ष निवासी खिलचीपुरा, मंदसौर को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजने की कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार इस मामले में अभी अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। प्रकरण की जांच जारी है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौर, थाना प्रभारी कोतवाली एवं कोतवाली पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।