चित्तौड़गढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेट्रोल और डीजल का कम उपयोग करने की अपील का असर अब चित्तौड़गढ़ में भी दिखाई देने लगा है। चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने पर्यावरण संरक्षण और फ्यूल बचत को बढ़ावा देने के लिए साइकिल चलाने की शुरुआत की है।
विधायक आक्या ने दो दिन पहले नई साइकिल खरीदी और सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए इंदिरा गांधी स्टेडियम तक साइकिल से पहुंचे। आमतौर पर वह रोज अपनी गाड़ी से स्टेडियम जाते थे, लेकिन अब उन्होंने साइकिल को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का फैसला किया है।
विधायक का यह कदम लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है और कई लोग इसे एक अच्छी पहल मान रहे हैं। उनका कहना है कि अगर छोटी-छोटी दूरी के लिए लोग साइकिल का उपयोग करें तो इससे पेट्रोल-डीजल की बचत होने के साथ-साथ पर्यावरण को भी फायदा मिलेगा। लोगों से भी की सहयोग की अपील
विधायक आक्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल और डीजल का उपयोग कम करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ऊर्जा की बचत बहुत जरूरी है और हर व्यक्ति को इसमें अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। विधायक ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जहां तक संभव हो, छोटी दूरी के लिए गाड़ियों की जगह साइकिल का उपयोग करें।
अगर साइकिल संभव नहीं हो तो इलेक्ट्रिक गाड़ियों को अपनाएं, ताकि पेट्रोल और डीजल की खपत कम हो सके। उन्होंने कहा कि देश के सामने जब भी किसी प्रकार की चुनौती आती है तो हर नागरिक का कर्तव्य बनता है कि वह सहयोग करे। विधायक आक्या ने कहा कि साइकिल चलाने से केवल फ्यूल की बचत ही नहीं होती, बल्कि स्वास्थ्य भी अच्छा रहता है। आज के समय में लोग छोटी दूरी के लिए भी बाइक और कार का उपयोग करते हैं, जिससे प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि अगर लोग रोज थोड़ी देर साइकिल चलाएं तो इससे शरीर स्वस्थ रहेगा और पर्यावरण भी स्वच्छ बना रहेगा। विधायक की इस पहल को कई लोगों ने सकारात्मक कदम बताया है।
सुबह स्टेडियम पहुंचने वाले लोगों ने भी विधायक को साइकिल पर देखकर उनकी सराहना की।
उन्होंने लोगों से डीजल और पेट्रोल कम से कम जलाने की अपील करते हुए कहा कि छोटी-छोटी बचत भी बड़े बदलाव का कारण बन सकती है। विधायक ने यह भी कहा कि वह खुद भी अब स्थायी रूप से साइकिल का ज्यादा उपयोग करने की कोशिश करेंगे।