शिवपुरी। नीट परीक्षा रद्द होने के विरोध में शिवपुरी शहर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान मशाल यात्रा निकाली गई और आत्महत्या करने वाले छात्रों को कैंडल मार्च के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कांग्रेस कार्यकर्ता तात्या टोपे समाधि स्थल पर एकत्रित हुए, जहां भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियों और पेपर लीक मामलों के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
पोहरी से कांग्रेस विधायक कैलाश कुशवाह ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य और उनकी मेहनत के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि परीक्षा रद्द होने और भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं के कारण छात्र मानसिक तनाव में हैं, जिससे कई युवा आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं।
विधायक कैलाश कुशवाह ने कहा कि गरीब और किसान परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए कड़ी मेहनत करते हैं, लेकिन सरकार युवाओं के साथ अन्याय कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार नौकरी के नाम पर युवाओं से आवेदन फॉर्म भरवाती है और बाद में परीक्षाएं रद्द कर दी जाती हैं।
उन्होंने यह भी दावा किया कि आवेदन फॉर्म से मिलने वाली राशि का उपयोग चुनावी गतिविधियों में किया जाता है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।