नीमच। जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आमजन के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास द्वारा जिले के राज्य राजमार्ग-31 सहित विभिन्न चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स का विस्तृत निरीक्षण किया गया। यह अभियान थाना प्रभारी यातायात को दिए गए निर्देशों के तहत संचालित किया गया।
निरीक्षण अभियान का उद्देश्य जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं संवेदनशील स्थलों पर आवश्यक सुरक्षा उपायों को सुदृढ़ करना है। इस दौरान पूर्व से चिन्हित दो ब्लैक स्पॉट्स की समीक्षा की गई तथा नए दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को भी चिन्हित किया गया।
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि पूर्व में किए गए सुधार कार्यों को और अधिक प्रभावी, आधुनिक एवं सुरक्षित बनाया जाए, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना न्यूनतम हो सके। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक ब्लैक स्पॉट पर सड़क इंजीनियरिंग, संकेतक व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था तथा वाहन गति नियंत्रण के सभी आवश्यक उपाय प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किए जाएं।
अधिकारियों ने संभावित दुर्घटना स्थलों पर स्पीड ब्रेकर निर्माण एवं हाई मास्ट लाइट लगाने के निर्देश दिए, जिससे रात्रिकालीन दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। जावद फंटा, भड़भड़िया फंटा, मालखेड़ा फंटा, जेतपुरा फंटा एवं भाटखेड़ा फंटा पर बने स्पीड ब्रेकरों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा यातायात नियंत्रण बेहतर करने के निर्देश भी दिए गए।
इसी क्रम में चल्दू ग्राम कट ऑफ प्वाइंट एवं सकरग्राम पुलिया मोड़ पर विशेष सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि इन अत्यधिक आवागमन वाले क्षेत्रों में वाहन गति नियंत्रित रहे और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। इसके अतिरिक्त हर्कियाखाल फंटा एवं भंवरासा फंटा क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, प्रभावी स्पीड कंट्रोल उपाय एवं अन्य संरचनात्मक सुधार तत्काल लागू करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि जनसहभागिता से ही पूर्ण रूप से सफल हो सकती है। इसी उद्देश्य से आमजन से अपील की गई कि वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें, यातायात नियमों का पूर्णतः पालन करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करें तथा सड़क सुरक्षा के प्रति सदैव सजग रहें।
निरीक्षण के दौरान एमपीआरडीसी के असिस्टेंट जनरल मैनेजर राहुल बड़ड़े, जावरा-नयागांव टोल कंपनी के जनरल मैनेजर प्रभुलाल मेघवाल तथा थाना प्रभारी यातायात सोनू बडगुजर उपस्थित रहे।