सिंगोली। रविवार देर रात गश्त के दौरान रतनगढ़ पुलिस को सिंगोली क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध सुला बावजी मंदिर परिसर के बाहर एक वृद्ध महिला बीमार हालत में मिली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला को कोई अज्ञात व्यक्ति मंदिर परिसर में छोड़कर फरार हो गया था।
पुलिस ने महिला से पूछताछ की, लेकिन वह अपना नाम “शारदा” बताने के अलावा अन्य कोई जानकारी नहीं दे सकी। महिला की हालत खराब होने पर पुलिस तत्काल उसे रतनगढ़ अस्पताल लेकर पहुंची, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला चिकित्सालय नीमच रेफर कर दिया। वर्तमान में महिला का उपचार नीमच जिला अस्पताल में जारी है।
बताया जा रहा है कि कोई अज्ञात व्यक्ति महिला को बीमारी की हालत में सुला बावजी मंदिर लेकर आया था, लेकिन बाद में उसे वहीं छोड़कर चला गया। देर रात मंदिर परिसर में कोई मौजूद नहीं होने के कारण महिला बाहर सड़क की ओर आ गई, जहां गश्त कर रही पुलिस की नजर उस पर पड़ी।
रतनगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को महिला के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।