चित्तौड़गढ़। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत कपासन थाना पुलिस ने चार वर्ष पुराने एमडीएमए (मौली पाउडर) तस्करी मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय नंबरों का इस्तेमाल कर पहचान छिपाने वाले वांछित स्मगलर को गिरफ्तार किया है। आरोपी प्रकाश उर्फ ओमप्रकाश जाट को नीमच जेल से गिरफ्तार किया गया। आरोपी पहले से एनडीपीएस एक्ट के एक अन्य मामले में 10 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा काट रहा है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस रेंज उदयपुर गौरव श्रीवास्तव के निर्देशन में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत एएसपी मुकुल शर्मा, डीएसपी कपासन हरजीलाल यादव तथा थानाधिकारी सुनील शर्मा के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2022 में कपासन थाना पुलिस ने गश्त के दौरान एक अल्टो कार से 40 ग्राम अवैध एमडीएमए (मौली) पाउडर जब्त किया था। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया था कि मादक पदार्थ “प्रकाश” नामक व्यक्ति से खरीदा गया था, जो विदेशी नंबरों के जरिए संपर्क करता था।
इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी प्रकाश उर्फ ओमप्रकाश पिता मेहराम उर्फ महीराम जाट निवासी पातो की बासनी, थाना खेड़ापा, जिला जोधपुर को चिन्हित किया। जांच में पता चला कि आरोपी वर्तमान में जिला जेल नीमच में बंद है। रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस एक्ट न्यायालय नीमच द्वारा 16 दिसंबर 2025 को आरोपी को एक अन्य एनडीपीएस मामले में 10 वर्ष के सश्रम कारावास और एक लाख रुपए जुर्माने की सजा सुनाई गई थी।
कपासन थाना पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर 16 मई 2026 को आरोपी को नीमच जेल से गिरफ्तार किया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क और अन्य आरोपियों की जानकारी जुटा रही है।
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत निकटतम पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर दें।