चित्तौड़गढ़। राजस्थान सरकार के ग्रामीण रथ अभियान के तहत जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और लोकहितकारी कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में कला जत्थों, संवाद कार्यक्रमों और प्रचार रथों द्वारा आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
शनिवार को जिलेभर में आयोजित कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री के लाइव प्रसारण का सीधा प्रसारण भी ग्रामीणों को दिखाया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की।
निंबाहेड़ा विधानसभा क्षेत्र के ढोरिया और जावदा ग्राम में कार्यक्रम आयोजित किए गए। जावदा ग्राम में पूर्व मंत्री एवं विधायक चंद्र कृपलानी ने भाग लिया। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर डॉ. मंजू, जिला परिषद सीईओ विनय पाठक, अतिरिक्त जिला कलेक्टर रामचंद्र खटीक, उपखंड अधिकारी विकास पंचोली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का संबोधन उत्साहपूर्वक सुना और योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
कपासन विधानसभा क्षेत्र की भदेसर पंचायत समिति अंतर्गत बागुंड, भादसोड़ा और लेसवा ग्राम पंचायतों में भी कार्यक्रम आयोजित हुए। लेसवा ग्राम में विधायक अर्जुन लाल जीनगर ने भाग लिया। इस दौरान ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
चित्तौड़गढ़ विधानसभा क्षेत्र के केलझर ग्राम पंचायत मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने मुख्यमंत्री के लाइव प्रसारण में सहभागिता की। कार्यक्रम में पूर्व महामंत्री गोपाल लाल ओझा, जिला परिषद सदस्य भंवरलाल सालवी, ओमप्रकाश आचार्य, कैलाश कंवर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
इसी प्रकार बेगूं विधानसभा क्षेत्र के कुशलगढ़ और मंडेसरा तथा बड़ीसादड़ी विधानसभा क्षेत्र की धमोत्तर पंचायत समिति के जोलर, कोतवाल, मंगरी और सामली पठार में भी ग्रामीण रथ अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए गए।
रविवार को भी जिलेभर में अभियान के तहत विभिन्न पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। कपासन विधानसभा क्षेत्र के मंडफिया, नपाणिया और कुंथना, चित्तौड़गढ़ विधानसभा क्षेत्र के सेमलिया, बड़ीसादड़ी विधानसभा क्षेत्र के मांडकला, तलाईपाल और पाल, बेगूं विधानसभा क्षेत्र के लुहारिया तथा निंबाहेड़ा पंचायत समिति परिसर में कार्यक्रम आयोजित हुए।
अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, कृषि, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी 13 विभागों की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। अभियान का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना और आमजन को योजनाओं से जोड़ना है।