नीमच। जिले की दड़ौली पंचायत अंतर्गत जंगल क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध अंबामाता मंदिर में असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने मंदिर परिसर में जमकर उत्पात मचाते हुए करीब 10 से अधिक लाइटें तोड़ दीं। घटना के बाद ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार अंबामाता मंदिर में हाल ही में भव्य मेले एवं धार्मिक आयोजनों का आयोजन हुआ था, जिसमें लाखों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर दर्शन किए थे। मेले का समापन 8 मई को हुआ था। शनिवार 16 मई की सुबह जब श्रद्धालु मंदिर पहुंचे तो परिसर में लगी कई लाइटें टूटी हुई मिलीं।
मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि देर रात असामाजिक तत्व मंदिर परिसर में घुसे और तोड़फोड़ कर धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाई। घटना के बाद क्षेत्र में नाराजगी का माहौल है। समिति का कहना है कि धार्मिक स्थलों को निशाना बनाना गंभीर मामला है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
मंदिर समिति ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। साथ ही प्रशासन और पुलिस से मंदिर परिसर एवं आसपास के जंगल क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की गई है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
ग्रामीणों ने मांग की है कि मंदिर में तोड़फोड़ करने वाले असामाजिक तत्वों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए, जिससे क्षेत्र में कानून का भय बना रहे और श्रद्धालुओं की आस्था सुरक्षित रह सके।