नीमच। जिले की नयागांव पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मारुति स्विफ्ट कार से करीब 1 किलो 784 ग्राम अवैध अफीम जब्त की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कार के माध्यम से अफीम की तस्करी की जा रही है। इस पर रविवार दोपहर जावद-नयागांव रोड स्थित ढाबा माता मंदिर पुलिया के पास नाकाबंदी की गई। इसी दौरान एक संदिग्ध स्विफ्ट कार आरजे 09 सीसी 3584 को रोका गया, जिसकी तलाशी लेने पर कार के अंदर से भारी मात्रा में अफीम बरामद हुई।
पुलिस ने कार चालक की पहचान सुरेश मालवीय (36), निवासी चडौली, नीमच सिटी के रूप में की है। आरोपी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। साथ ही यह जांच शुरू कर दी गई है कि अफीम कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था।
पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन और संपर्कों की जांच कर रही है, ताकि इस तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।