खरगोन। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान के तहत रविवार को राधा रिसोर्ट में भारतीय जनता पार्टी के वृहद स्तर पर जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में निमाड़ के सांसद, विधायक, जिला पदाधिकारी और बड़ी संख्या में अपेक्षित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण वर्ग के पहले सत्र में जिलाध्यक्ष ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि पार्टी संगठन में जब भी नई संरचना होती है, इस प्रकार के प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि यहां दिए जा रहे मार्गदर्शन को गंभीरता से सुनकर उसे बूथ स्तर तक पहुंचाना चाहिए।
विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है, क्योंकि उसके पास प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम है। उन्होंने कहा कि यही कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं एवं विकास कार्यों को जमीनी स्तर तक पहुंचाते हैं, जो लगातार जीत का आधार बनता है।
सांसद ने केंद्र सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं और उनके प्रभाव पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा चलाई जा रही योजनाओं ने समाज में बड़ा बदलाव लाया है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, नल-जल योजना, आयुष्मान भारत और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने गरीबों और किसानों के जीवन में सुधार किया है।
उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से लोगों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है और जनता का भाजपा पर विश्वास लगातार मजबूत हुआ है।