नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने एवं ग्रामीण समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए आज 18 मई 2026 को शाम 5 बजे ग्राम दलपतपुरा, तहसील जीरन के मिडिल स्कूल प्रांगण में रात्रि चौपाल का आयोजन किया जाएगा। यह जिले की तीसरी रात्रि चौपाल होगी।
इससे पूर्व कोज्या एवं टामोटी ग्राम में रात्रि चौपाल का सफल आयोजन किया जा चुका है। इस चौपाल में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करेंगे।
कार्यक्रम के लिए विभिन्न विभागों को दायित्व सौंपे गए हैं। आधार कार्ड कैंप जिला परियोजना समन्वयक, शिक्षा केंद्र द्वारा 2 मशीनों के साथ प्रातः 10 बजे से चौपाल समाप्ति तक आयोजित किया जाएगा। वहीं कृषि, महिला एवं बाल विकास, उद्यानिकी, स्वास्थ्य, पशु चिकित्सा, आदिम जाति कल्याण एवं खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा शाम 4.30 बजे से हितग्राही मूलक शिविर लगाया जाएगा।
कार्यक्रम स्थल पर टेंट, लाइट, माइक, साउंड सिस्टम, पेयजल एवं अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी जनपद पंचायत नीमच को सौंपी गई है। विद्युत व्यवस्था एवं जनरेटर की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
तहसीलदार जीरन को कार्यक्रम का समग्र समन्वय प्रभारी बनाया गया है। प्रशासन ने ग्राम दलपतपुरा एवं आसपास के ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की है।