मंदसौर। थाना कोतवाली पुलिस ने वर्षों से फरार स्थाई वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी राकेश पिता बालुराम राठौर, निवासी कालाखेत बालागंज मंदसौर (हाल मुकाम लक्ष्मण कॉलोनी शामगढ़) को शामगढ़ क्षेत्र से पकड़ा गया।
जानकारी के अनुसार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2011, 2013 एवं 2017 के तीन अलग-अलग प्रकरणों में न्यायालय द्वारा स्थाई वारंट जारी थे, जिनमें वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस को यह सफलता सोशल मीडिया के व्हाट्सएप प्लेटफॉर्म पर मिली सूचना के आधार पर मिली, जिसमें शामगढ़ में एक व्यक्ति को जबरन पकड़ने की जानकारी सामने आई थी। जांच के दौरान पता चला कि वही व्यक्ति स्थाई वारंटी राकेश राठौर है।
इसके बाद कोतवाली पुलिस ने शामगढ़ पुलिस से समन्वय कर रिकॉर्ड की पुष्टि की और आरोपी की पहचान सुनिश्चित की। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शामगढ़ पहुंचकर आरोपी को अभिरक्षा में लिया।
आरोपी को तीनों मामलों में गिरफ्तारी के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौर, प्रधान आरक्षक कमलेश वर्मा, आरक्षक हरिओम मालवीय सहित शामगढ़ पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।