मंदसौर। नारायणगढ़ पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 402 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी की महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन कार भी जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल एवं एसडीओपी मल्हारगढ़ जितेंद्र भास्कर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार पवार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, 18 मई 2026 को पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना के आधार पर भांगी पिपलिया-चौथखेड़ी रोड पर घेराबंदी की। इस दौरान आरोपी लालसिंह पिता कमलसिंह बौराना (34), निवासी दोरवाड़ी थाना नारायणगढ़ के कब्जे वाली महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन क्रमांक आरजे 14 यूएन 7855 की तलाशी लेने पर उसमें रखे 20 प्लास्टिक कट्टों से कुल 402 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना नारायणगढ़ में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पूछताछ में पुलिस तस्करी के नेटवर्क और मादक पदार्थ के स्रोत की जानकारी जुटा रही है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 8 लाख रुपए कीमत का डोडाचूरा, 25 लाख रुपए कीमत की स्कॉर्पियो-एन कार तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किया है।
मामले में सुरेंद्र बाछड़ा निवासी ग्राम डोडिया मीणा थाना वायडी नगर, जिला मंदसौर को फरार आरोपी बताया गया है, जिसकी तलाश जारी है। इस कार्रवाई में थाना नारायणगढ़ पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।