खरगोन। विधायक बालकृष्ण पाटीदार के गांव टेमला में पेयजल संकट को लेकर सोमवार सुबह ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। पानी की भारी किल्लत से परेशान 200 से अधिक ग्रामीणों, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं, ने खरगोन-ठीकरी रोड पर खाली बर्तन रखकर चक्का जाम कर दिया।
सुबह करीब 8ः30 बजे शुरू हुए प्रदर्शन के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लगभग एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। सूचना मिलते ही खरगोन जनपद सीईओ और मेनगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने पंचायत की लापरवाही के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना था कि वे मजदूरी करने जाएं या दूर-दराज के खेतों से सिर पर पानी ढोकर लाएं। भीषण गर्मी में पेयजल संकट ने गांव के लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
मामले की जानकारी मिलने पर विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने जिला आवासीय प्रशिक्षण वर्ग से समाजसेवी नितिन पाटीदार को मौके पर भेजा। नितिन पाटीदार ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और तत्काल वैकल्पिक पानी व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया। साथ ही जल्द स्थायी समाधान का भरोसा दिलाया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया।
ग्रामीणों के अनुसार करीब 4 हजार आबादी वाले टेमला गांव में कुंदा नदी से पाइपलाइन के जरिए पानी सप्लाई की व्यवस्था है। इसके अलावा उद्वहन सिंचाई योजना से भी जलापूर्ति होती है। बावजूद इसके पंचायत के खराब प्रबंधन के कारण गांव के कई हिस्सों में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। गर्मी शुरू होने के साथ ही गांव में पेयजल संकट गहराता जा रहा है।