खरगोन। आदिवासी कांग्रेस ने ओंकारेश्वर में आदिवासी समाज के झोपड़ों पर हुई बुलडोजर कार्रवाई का विरोध किया। सोमवार को जिला मुख्यालय पर नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया गया।
सोमवार दोपहर 1 बजे जिलाध्यक्ष दिनेश मुकाती के नेतृत्व में राज्यपाल के नाम डिप्टी कलेक्टर अगास्या को एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावितों को उचित मुआवजा देने की मांग की गई।
इसके साथ ही, प्रभावित परिवारों के हक की लड़ाई लड़ने वाले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और अन्य लोगों पर दर्ज एफआईआर तत्काल निरस्त करने की भी मांग की गई। आदिवासी कांग्रेस ने आरोप लगाया कि ओंकारेश्वर में पीढ़ियों से रह रहे गरीब आदिवासियों के झोपड़ों पर बुलडोजर चलाकर उन पर अत्याचार किया जा रहा है।
इस प्रदर्शन में कांग्रेस प्रवक्ता राजेश मंडलोई, रवि वास्कले, कपिल पवार, राजेंद्रसिंह पवार, गुलाबसिंह चौहान, सुमित वर्मा, बाबू बरडे, बीएस सोलंकी, पवन सोलंकी, राहुल डावर, महेश चौहान, संतोष वानखेडे, रूपसिंह वास्के, अनिल कैलाश केवड़े, राकेश चौहान और पांडू डाबर सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।