नीमच। आयुष्मान आरोग्य मंदिर जमुनिया कला के औषधालय परिसर में सोमवार को योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लाभार्थियों को योग के महत्व तथा नियमित योगाभ्यास से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर विशेषज्ञों द्वारा ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, अनुलोम-विलोम एवं कपालभाति सहित विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम में “योगः कर्मसु कौशलम्” अर्थात योग व्यक्ति को कर्मों में कुशलता एवं जीवन में संतुलन प्रदान करता है, का संदेश देते हुए योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में कुल 24 लाभार्थियों ने सहभागिता कर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। इस अवसर पर डॉ. विमला पाटीदार, भावना बैरागी, विनीत सोनी, आनंद शर्मा एवं श्वेता जोशी का विशेष सहयोग रहा।