छतरपुर। खजुराहो में बन रहे वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन प्रोजेक्ट का निरीक्षण करने पहुंचे Vishnu Dutt Sharma ने अधिकारियों के साथ निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने रेलवे अधिकारियों और प्रोजेक्ट से जुड़े इंजीनियरों के साथ बैठक कर स्टेशन के डिजाइन और सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में खास तौर पर इस बात पर जोर दिया गया कि खजुराहो रेलवे स्टेशन में बुंदेलखंड की संस्कृति, कला और खजुराहो की ऐतिहासिक विरासत की झलक दिखाई दे। स्टेशन के निर्माण में हेरिटेज आर्किटेक्चर और स्थानीय सांस्कृतिक पहचान को शामिल करने पर मंथन किया गया, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को खजुराहो की सांस्कृतिक छवि का अनुभव स्टेशन पर ही हो सके।
खजुराहो सांसद ने कहा कि स्टेशन का निर्माण कार्य तेजी से जारी है और आने वाले समय में यह रेलवे स्टेशन वर्ल्ड क्लास श्रेणी का आधुनिक स्टेशन बनकर तैयार होगा। उन्होंने यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों को गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान सांसद ने Khajuraho-Singrauli Railway Line परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि खजुराहो-सिंगरौली रेलवे लाइन का कार्य भी जल्द पूरा किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के विकास और आवागमन को नई गति मिलेगी।