मंदसौर। नगरीय निकाय एवं पंचायतों की मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन के पश्चात सुशासन भवन में जिला स्तरीय स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर कलेक्टर एकता जायसवाल ने की। इसमें जिले के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, जिला पंचायत सदस्य, नगरपालिका परिषद अध्यक्ष, पार्षदगण एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
ऑनलाइन मतदाता सेवा पोर्टल शुरू-
बैठक में बताया गया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पहली बार मतदाता सूची में नाम जोड़ने, विलोपन एवं संशोधन की ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके लिए पोर्टल www.mplocalelection.mp.gov.in शुरू किया गया है।
ER-1, ER-2 और ER-3 फॉर्म की जानकारी-
मास्टर ट्रेनर संजय राजगुरू ने बताया कि इस ऑनलाइन प्रणाली के तहत मतदाता ER-1 फॉर्म से नाम जोड़ सकते हैं, ER-2 से नाम विलोपित कर सकते हैं तथा ER-3 के माध्यम से नाम संशोधित कर सकते हैं।
जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील-
उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनिता चकोटिया ने सभी राजनीतिक दलों, पार्षदों तथा जनपद एवं जिला पंचायत सदस्यों से अपील की कि वे अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची संबंधी कार्यों में सक्रिय सहयोग करें और अधिक से अधिक लोगों को इस ऑनलाइन सुविधा के प्रति जागरूक करें।