मध्य प्रदेश के निगम, मंडल, बोर्ड, प्राधिकरण और आयोगों में नियुक्त अध्यक्ष-उपाध्यक्षों और सदस्यों भोपाल के अटल बिहारी बाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान में प्रशिक्षण दिया गया। अलग-अलग सत्रों में अधिकारियों ने प्रजेंटेशन दिए।
इसके बाद सीएम डॉ.मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ महेन्द्र सिंह, सुशासन संस्थान के उपाध्यक्ष प्रोफेसर राजीव दीक्षित ने संबोधित किया। इस प्रशिक्षण में कुल 63 नवनियुक्त नेताओं ने हिस्सा लिया।
सीएम बोले: कोई उलझाएगा तो आपको ही खुद बचना है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा- कोई आपको उलझाएगा, उद्वेलित करेगा अलग-अलग प्रकार से प्रयास करेगा तो इन सबसे बचना आपको ही है। इसमें कोई दूसरा कोई आपका मददगार नहीं होगा। आप ही जवाबदार हैं। सोशल मीडिया बहुत बारीकी से देखता है। हमारे द्वारा लिए गए निर्णय को तीसरी आंख भी देखती है।
सीएम बोले-आपको काम करने से रोक भी सकते हैं
सीएम ने कहा- पहले एक-दो महीने काम समझिए और सीखिए। काम में डूबेंगे तो रास्ता भी मिलेगा। नियम कानून के दायरे में रहकर काम करें। अपने निकाय को आर्थिक आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ना है। अहंकार को लाएंगे तो कष्ट होगा। छोटा-बड़ा कोई नहीं है। काम करते-करते आपको किसी को रोक भी सकते हैं कि आप यह काम कर रहे हैं अब आपको ये नहीं करना है। आप कहेंगे सरकार में लगाना है तो सरकार में लगा लेंगे, आप कहेंगे वापस दे दो तो वापस दे देंगे।”
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष बोले- दुखी मन से छोटी-मोटी कार्रवाई करनी पड़ती है
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा- विगत दिनों कुछ घटनाएं हुईं इसलिए बड़े दुखी मन से कोई छोटी-मोटी कार्रवाई करनी पड़ी। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हम लगातार आगे बढ़ रहे हैं। उनकी अपेक्षा है कि हम ताकतवर हों लेकिन ताकत का उपयोग आम जनता और कार्यकर्ताओं की जरूरतों को पूरा करने के लिए करें।”
खंडेलवाल बोले- मेरिट पर आपका चयन हुआ
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा- आज किसी विशिष्ट जिम्मेदारी के कारण आप सब यहां मौजूद हैं। आप सब का चयन विभिन्न विभागों के निगम, बोर्ड आयोग प्राधिकरण में चयन हुआ। और कहीं न कहीं आप उस पद के योग्य थे पार्टी ने भी आपको इस योग्य समझा। यह बड़ी बात है कि सभी लोगों का मेरिट पर चुनाव हुआ।
खंडेलवाल ने कहा- यदि संगठन आपसे कोई अपेक्षा करता है तो उसे जरूर पूरा करें। क्योंकि हजारों कार्यकर्ताओं में आपका चयन हुआ है। जो जिम्मेदारी मिली है उस जिम्मेदारी के साथ-साथ यदि संगठन आपसे कोई अपेक्षा करता है, कोई क्षेत्र दे या कोई आदेश दे तो उसपर अमल करें। कहीं ऐसा न हो कि वो ताकत सिर्फ हमारी अपनी बन जाए।
प्रदेश प्रभारी बोले: नेतृत्व अपील करे तो आदेश का इंतजार न करें, अमल में लाएं
बीजेपी प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा- आप सबको बड़ी जिम्मेदारी मिली है। अब आप छतरी के नीचे आ गए हैं। अब मुख्यमंत्री जी को आपकी रोज रिपोर्ट मिलेगी। आप क्या कर रहे हैं? आपका आचरण व्यवहार क्या है? आपके परिवार का इन्वॉलवमेंट कितना है? आपसे बोर्ड निगम को फायदा हो रहा या नुकसान हो रहा है? आपकी परफॉर्मेंस का आंकलन सरकार भी करेगी और संगठन भी करेगा।
आप अकेले इसी भूमिका में नहीं रहेंगे। आपको बहुत बड़ा काम मिलने वाला है। अपना फेसबुक, सोशल मीडिया का प्लेटफॉर्म एक्टिव रखिए। राष्ट्रीय नेतृत्व जो निर्देश दे, उसका तुरंत पालन करें। आदेश की प्रतीक्षा न करें। अनुशासन जीवन का आभूषण है। पुरुषोत्तम मास में आपका प्रशिक्षण हो रहा है, उस पुरुषोत्तम की छाया अपने ऊपर पड़नी चाहिए। सादगी से रहना चाहिए। एक साथ इतनी नियुक्तियां भारत के किसी राज्य में आज तक नहीं हुईं।